वाहन लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने सोमवार रात एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने 17 वाहन बरामद किए हैं। आरोपियों ने चार दिन पहले सेक्टर-39 क्षेत्र में ही रियल एस्टेट कंपनी के मैनेजर से कार भी लूटी थी।
थाना प्रभारी सेक्टर-39 धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-46-47 चौराहे के पास से एक कार से चार बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
वह कार भी लूट की थी। बदमाशों के पास से एक पिस्टल, तमंचे भी बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान गांव भूड़ा में किराए पर रहने वाले मुंगेर बिहार निवासी रंजीत, रूपेश उर्फ चूड़ियल, सलारपुर निवासी सुमित भाटी व शाहपुर निवासी मोहित उर्फ लहरी के रूप में हुई। मोहित थाना सेक्टर-39 का हिस्ट्रीशीटर है।
पूछताछ में बदमाशों ने खुलासा किया किया शहर में वाहन लूट व चोरी की 17 वारदातों में वे शामिल रहे हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दस कारें व एक कैंटर ट्रक भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि लूट के बाद कारों को शराब तस्करों को ऑन डिमांड बेचते थे।
बरामद कारों में पांच सेंट्रो, एक स्टीम, एक ऑल्टो, एक शेवरले बीट, टाटा सूमो व इटियोस है। कारें नोएडा के अलावा गाजियाबाद व दिल्ली से चोरी की गईं या लूटी गई थीं।
कैंटर ट्रक गाजियाबाद से चोरी किया गया था। पुलिस के मुताबिक गिरोह के अन्य बदमाशों सोनू, सतीश व रब्बन की तलाश जारी है। सोनू शराब तस्कर है और गिरफ्तार रूपेश का भाई है।
कहां से आ रहे थे असलहे
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार रंजीत झा मुंगेर से अवैध असलहे नोएडा लाकर बेचता है। मुंगेर अवैध असलहों के निर्माण का अड्डा है। मुंगेर में ऑन डिमांड नाइन एमएम की पिस्टल से लेकर एके-47 तक का निर्माण होता है। नाइन एमएम पिस्टल सात से आठ हजार रुपये में लाकर नोएडा में रंजीत बीस से तीस हजार रुपये में बेचता था।