सेक्टर-6 में दिल्ली के प्रॉपर्टी डीलर और उसकी महिला मित्र से 20 लाख रुपये की नई करेंसी ठगने वाले कंपनी मालिक और बैंककर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास प्रॉपर्टी डीलर रुपये बदलने आए थे, मगर इन्होंने यूपी पुलिस के एक दारोगा और फर्जी इनकम टैक्स अफसर से मिलकर 20 लाख रुपये की ठगी की थी।
एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर विकास वशिष्ठ और उनकी महिला मित्र चित्रा दलाल को नए नोट के एवज में पुरानी करेंसी दिलाने के लिए दिल्ली के ही एक बैंककर्मी दीपक चावला ने मध्यस्थता की। उसने बताया किवह नोएडा के डी-69 सेक्टर-6 में कंपनी के मालिक ललित बाधवा से नई करेंसी के एवज में डेढ़ गुना पुरानी करेंसी दिला देगा।
दूसरी ओर, दीपक चावला ने कंपनी मालिक ललित वाधवा के साथ मिलकर सारे रुपये ऐंठने का प्लान बना लिया। जब विकास और चित्रा 13 दिसंबर को 10-10 लाख रुपये लेकर पहुंचे और कंपनी मालिक के साथ बातचीत होने लगी। इसी बीच योजना के अनुसार फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर और यूपी पुलिस का दारोगा जगत शर्मा ने कंपनी पर रेड मार दी।
इन्होंने गिरफ्तारी की धमकी देते हुए रुपये पर कब्जा कर लिया और नई करेंसी के 20 लाख रुपये लेकर चलते बने। पीड़ित विकास के रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद मामले की जांच शुरू हुई।
कंपनी मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने सब कुछ उगल दिया। आरोपी ने बताया कि पूर्व योजना के तहत फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बुलाया गया था। जबकि यूपी पुलिस का दारोगा उनका दोस्त था। एसपी ने बताया कि फर्जी इनकम टैक्स आफिसर की पहचान रविश के रूप में हुई और दोनों ही फरार हैं।