गोली मारकर हत्या का प्रयास करने, लड़ाई झगड़ा करने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस की गिरफ्त से छह वर्षों से फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने अंबेडकर चौक के पास गिरफ्तार कर लिया है।
इनको अदालत ने उद्घोषित अपराधी भी घोषित कर रखा था। पुलिस ने पकड़े गए अपराधी यूसुफ के पास से देशी कट्टा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक बसईमेव गांव में अक्तूबर 2010 में गांव के दो गुटों में भूमि को लेकर विवाद पैदा होे गया था।
मामूली कहा सुनी में काफी बड़ा झगड़ा हो गया था। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि यूसुफ ने जाकिर को गोली मारी जो कि उसके पेट में लगी। यह अलग बात है कि बाद में डाक्टरों ने जाकिर के पेट से गोली निकालकर उसे बचा लिया था।
इस मामले का यह आरोपी यूसुफ पिछले छह वर्षों से पुलिस को छका रहा था। जबकि पुलिस ने कई बार इसको गिरफ्तार करने की कोशिश की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
बसईमेव गांव के ही एक अन्य लड़ाई झगड़े के मामले में आरोपी युसुफ, जमशेद निवासियान बसईमेव, कायम निवासी नौगांव राजस्थान पिछले छह वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।
अदालत ने तीनों को उद्घोषित अपराधी घोषित किया हुआ था। पुलिस ने यूसुफ के पास से देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है जिससे उसने जाकिर पर गोली दागी थी।
थाना प्रबंधक रतनलाल को मुखबिर से सूचना मिली की यूसुफ, जमशेद एवं कायम तीनों अंबेडकर चौक पर खड़े हैं। यदि दबिश दी जाए तो इन तीनों को दबोचा जा सकता है। थाना प्रबंधक रतनलाल ने पुलिस की टीम साथ लेकर अंबेडकर चौक पर दबिश दी। पुलिस को देखकर तीनों ने भागने का प्रयास किया। लेकिन रतनलाल एवं उनकी टीम ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
दो मामलों के आरोपी एवं अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी यूसुफ, जमशेद निवासियान बसईमेव, कायम निवासी नौगांवा पिछले छह वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहे थे। तीनों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ यूसुफ के पास से देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है। -रतनलाल, थाना प्रबंधक, फिरोजपुर झिरका