निजी कार के पार्ट बदलने के लिए दो कैब ड्राइवरों ने कैब लूटी थी। बुधवार को पुलिस ने इसका खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक शनिवार को ओला कंपनी की कैब लूट को उसी कंपनी के अन्य कैब चालकों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने दो कैब चालकों को कार समेत गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक फरार हो गया।
बदमाशों के कब्जे से लूटे गए रुपये और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। आरोपियों की पहचान नरेंद्र उर्फ नागिन निवासी बुलंदशहर, अशोक उर्फ लाला निवासी पलसेड़ा अलीगढ़ और फरार बदमाश संदीप निवासी कैलाश कॉलोनी पलवल के रूप में हुई है।
बुधवार को पुलिस उपाधीक्षक अनित कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने ओला कैब (वैगनआर) से अपनी निजी वैगनआर कार के पार्ट बदलने के लिए लूट की घटना को अंजाम दिया था। शनिवार देर रात तीन युवकों ने न्यू अशोक नगर निवासी अरुण गौड़ की वैगनआर कार को ओला कंपनी में कॉल करके ग्रेटर नोएडा के लिए बुक किया था। तीनों युवकों को कार चालक दीपक ग्रेटर नोएडा लेकर आ गया था।
युवकों ने कार को यमुना एक्सप्रेस वे पर दनकौर क्षेत्र में लाकर चालक को बंधक बनाकर फेंक दिया और चालक से कार और पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने ओला कार में लगे अग्निशमन यंत्र से ओला कैब चालक की पिटाई कर उससे लूटपाट की थी। पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों पर लूट का मामला दर्ज किया था।
दनकौर कोतवाली प्रभारी फरमूद अली पुंडीर ने बताया कि मुखबिर से बुधवार तड़के एक्सप्रेसवे पर कार की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने सलारपुर अंडरपास के नजदीक कार के घेराबंदी कर दो बदमाशों को कार समेत दबोच लिया। जबकि एक बदमाश मौके से फरार हो गया।