पहले होली भाईचारे का प्रतीक थी लेकिन रंगों का त्यौहार अब दुश्मनी निकालने का जरिया बनता जा रहा है। पुरानी रंजिश में बदला लेने का ऐसा ही मामला दनकौर में हुआ है।
एक पिता ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा रंजिश भुलाकर होली के त्यौहार पर पड़ोसियों के घर गया लेकिन वहां जहरीली पकौड़ी खिलाकर उसे मार दिया गया। दो लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
दनकौर के खेरली हाफिजपुर निवासी देवी सिंह ने दनकौर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि किसी बात को लेकर उनकी पड़ोसी बिजेंद्र और मलीदा से रंजिश चली आ रही थी।
मगर कुछ दिनों से दोनों पक्ष आपस में भाईचारे को बढ़ाने के लिए प्रयास किया जा रहा था। इसमें उनका बेटा सोनू दोनों पक्षों को मिलाने के लिए ज्यादा प्रयास कर रहा था।
होली के त्यौहार पर आपस में भाईचारा बढ़ाने के लिए वह पड़ोसियों के घर चला गया। मगर वहां पर सोनू को आरोपियों ने जहर मिली पकौड़ी खिला दी जिससे उसकी हालत खराब हुई और उसे ग्रेनो के अस्पताल में बेहोशी हालत में भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि पड़ोसियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए उसके बेटे सोनू की हत्या कर दी। उधर, पुलिस का कहना है कि पीड़ित पिता की तहरीर पर हत्या के आरोप में बिजेंद्र और मलीदा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।