पहाड़गंज थाने से महज कुछ ही दूरी पर शुक्रवार रात पार्किंग विवाद के बाद दर्जन भर बदमाशों ने चार लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकूबाजी में बुरी तरह से जख्मी एक रिक्शा चालक की मौत हो गई।
जबकि, तीन अन्य लोगों का लेडी हार्डिंग व आरएमएल अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाइक व स्कूटी से आए सभी बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पहाड़गंज थाना पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पहाड़गंज थाने के पास स्थित एक जूस की दुकान पर शुक्रवार रात एक बाइक सवार पहुंचा। बाइक पार्क करने को लेकर युवक की वहां मौजूद सुनील नाम के रिक्शा चालक से कहासुनी हो गई।
युवक ने सुनील को थप्पड़ मार दिया। इस बात को लेकर वहां मौजूद रिक्शा चालकों ने युवक को घेर लिया। बाइक सवार उन्हें देख लेने की धमकी देकर चला गया।
कुछ देर बाद एक स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और रिक्शा चालकों पर शराब और बीयर की बोतल फेंकी और वापस आने की धमकी देकर चले गए।
रिक्शा चालकों पर शराब व बीयर की बोतल से किया हमला
Fight
कुछ देर बाद आधा दर्जन बाइक व स्कूटी पर सवार दर्जन भर लोग लाठी, डंडे और चाकू से लैस होकर वहां पहुंचे और जूस की दुकान के पास मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में रिक्शा चालक बबलू (27), जूस की दुकान चलाने वाला विनोद (29), कोरियर कंपनी में काम करने वाला राहुल (19) और वहां मौजूद एक बस कंडक्टर चिकना (25) को चाकू लगा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने भागलपुर निवासी बबलू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के जाते ही किया हमला
स्थानीय लोगों ने बताया कि दूसरी बार जब स्कूटी सवार युवकों ने रिक्शा चालकों पर शराब व बीयर की बोतल से हमला किया, उसी दौरान एक ऑटो चालक ने पुलिस को घटना की जानकारी दे दी।
सूचना देने वाले ने पुलिस को बताया कि बदमाश यहां कभी भी हमला कर सकते हैं। इस सूचना पर बीट कांस्टेबल मौके पर पहुंचा और कुछ देर तक वहां रहा। किसी के मौके पर नहीं पहुंचने पर उसने अपना फोन नंबर देकर वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि कांस्टेबल के जाते ही बदमाशों ने हमला कर दिया।