गुरुग्राम के गांव बजघेड़ा में रविवार गोली मारकर की गई विक्रांत की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामला लेन-देन का बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि झज्जर जिले के गांव दुलीना निवासी नेपाल के बेटे विक्रांत (25) की पांच फरवरी की शाम करीब 6:00 बजे बजघेड़ा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी उसे दिल्ली केबाबा हरिदास नगर से कार में बैठाकर यहां लाए थे। घटना के दौरान आरोपी युवक दो कारों में सवार थे।
इस मामले में थाना पालम विहार पुलिस ने झज्जर निवासी विकास, दिल्ली के नजफगढ़ निवासी अंशुल व राहुल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जिसके बाद मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया था।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने बुधवार को आरोपी अदालत में पेश किया। उसे अदालत से तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात के दौरान तीन से अधिक आरोपी मौजूद थे। मामला लेन-देन का बताया जा रहा है। राहुल से अन्य सभी आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।