राजधानी में लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। छोटी-छोटी बात पर लोग एक दूसरे की जान लेने को उतारु हैं। मंडावली इलाके में घर के बाहर कूड़ा डालने से रोकने पर महिला के दो भाइयों ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
यही नहीं पीड़ित का किरायेदार जब उसे बचाने आया तो आरोपियों ने उसे भी चाकू मार दिया। जांघ, पीठ और बाजू में चाकू लगने के बाद लखिंद्र (36) व पेट में चाकू लगने के बाद किरायेदार राकेश (30) को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंडावली थाना पुलिस मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित लखिंद्र परिवार के साथ गली नंबर-9, वेस्ट विनोद नगर में रहता है। लखिंद्र प्राइवेट नौकरी करता है।