दिल्ली कैंट इलाके में वर्चस्व की लड़ाई और इलाके में दबदबा बनाने के लिए की गई 12 वीं कक्षा के छात्र आकाश की हत्या मामले में अपराध शाखा ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया है। इसकी पहचान लक्ष्मण उर्फ कमल के रूप में हुई है। पुलिस की मानें तो कमल गौरव झरेरा गैंग का बदमाश है।
गौरव के जेल में बंद होने के बाद उसके वर्चस्व को बनाए रखने के लिए 17 जुलाई को कमल व उसके आठ-दस साथियों ने दिन-दहाड़े आकाश की रॉड से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने तीन नाबालिग व गौरव डांसर को घटना स्थल से दबोच लिया गया।
तभी से लक्ष्मण उर्फ कमल फरार था। अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि आकाश हत्याकांड मामले का मुख्य भगोड़ा आरोपी सेक्टर-10 द्वारका, मेट्रो स्टेशन के पास अपने किसी साथी से मिलने आने वाला है।
सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। कमल ने बताया कि वह गौरव झरेरा गैंग का बदमाश है। फिलहाल गौरव गैंगवार में हुई कालू झरेरा की हत्या में जेल में बंद है।