नंद नगरी थाने के ठीक सामने ट्रैफिक पुलिस के सिपाही को एक कार चालक से साइड मांगना महंगा पड़ गया। न सिर्फ आरोपी ने सिपाही पर हमला किया, बल्कि उसकी वर्दी भी फाड़ दी।
शोर-शराबा सुनकर आए थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी की पहचान हरि प्रसाद (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित सिपाही विवेक शर्मा (27) परिवार के साथ जौहरीपुर, करावल नगर में रहता है। विवेक एसीपी ट्रैफिक, उत्तर-पूर्वी जिले का कार चालक है।
विवेक ने हॉर्न बजाकर दोनों से साइड देने के लिए कहा
- फोटो : प्रतीकात्मक चित्र
शनिवार रात को विवेक एसीपी को उनके घर छोड़कर सरकारी जिप्सी को नंद नगरी थाने में खड़ी करने आ रहा था। नंद नगरी थाने के सामने पहुंचने पर विवेक ने देखा कि एक कार चालक बीच सड़क पर रिक्शा चालक के साथ मारपीट कर रहा था।
विवेक ने हॉर्न बजाकर दोनों से साइड देने के लिए कहा, लेकिन कार चालक ने विवेक की बात को अनसुना कर दिया। दुबारा हॉर्न बजाने पर आरोपी कार चालक भड़क गया। वह विवेक से बदसलूकी करने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने उस पर हमला कर वर्दी फाड़ दी। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस बीच थाने से अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने आरोपी युवक हरि प्रसाद को दबोच लिया। हरि के बड़े भाई की दुकान थाने के सामने है। वह नंद नगरी इलाके में ही रहता है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।