गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-1 के कोचिंग सेंटर में काम करने वाले ऑफिस ब्वाय ने बिल्डिंग में ही रहने वाले सिक्योरिटी गार्ड की नाबालिग बेटी से बृहस्पतिवार शाम दुष्कर्म किया। विरोध पर ऑफिस ब्वॉय ने उसके हाथ और गर्दन पर चाकू मार दिया।
किशोरी ने पिता के लौटने पर उन्हें सारी बात बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को पास के ही निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।
विजय नगर निवासी राजू वैशाली सेक्टर-1 स्थित एक कोचिंग सेंटर में ऑफिस ब्वॉय है। कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर बने एक कमरे में किशोरी(13) अपने पिता के साथ रहती है। उसके पिता पास ही एक बिल्डिंग में सिक्योरिटी गार्ड हैं।
बृहस्पतिवार सुबह सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी पर था। शाम करीब चार बजे राजू किशोरी को अकेला पाकर उसके कमरे में आ धमका और जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी की गर्दन और बाजू में चाकू मार दिया।
इसके बाद घायल किशोरी से रेप किया। ड्यूटी से लौटे पिता ने बेटी को लहूलुहान देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। फिर किशोरी को अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के बाद शुक्रवार सुबह उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराने के बाद राजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।