दस लाख रुपये का कर्ज दिलाने का झांसा देकर बदमाशों ने डीजे संचालक से 2.25 लाख रुपये ठग लिए। बदमाश बैंक प्रतिनिधि बन मैजिक पेन से कैंसल कराकर चेक ले लिए और पीड़ित के खाते से 2.25 लाख रुपये निकाल लिए।
पीड़ित ने एसएसपी और एसपी से शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। सेक्टर गामा-2 निवासी प्रमोद कुमार शर्मा डीजे चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है।
बाजार में डीजे के नए सिस्टम आ जाने के कारण उसके सिस्टम की डिमांड कम हो गई थी। वह नया सिस्टम लाना चाहता था। उसने गूगल पर सर्च किया और एक नामी बैंक की वेबसाइट पर लोन के लिए आवेदन किया।
9 अगस्त को उसके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उससे कहा कि उसका प्रतिनिधि उनसे आकर संपर्क कर लेगा। 9 सितंबर को कॉल कर एक व्यक्ति प्रमोद के पास आया और उसने कुछ दस्तावेज की मांग की।
इसके अलावा उसने कहा कि दस लाख रुपये लोन लेने के लिए कम से कम 25 फीसदी उसके खाते में होने चाहिए। आरोपी नेे झांसा देकर 2.47 लाख रुपये प्रमोद से उसके अकाउंट में जमा करा लिए।
इसके बाद आरोपी ने उससे कैंसल चेक की मांग की। पीड़ित ने उसे चार कैंसिल चेक दे दिए। आरोपी ने यह चेक मैजिक पेंसिल से कैंसल कराए और इसी चेक से पीड़ित के खाते से 2.25 लाख रुपये निकाल लिए।