नोएडा के घरों में काम करने वाली एक महिला ने गिरोह बनाकर एनसीआर में चोरी व लूट की कई वारदातों को अंजाम दे डाला।
थाना सेक्टर-39 पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम पांच सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया है। गैंग की निशानदेही पर ग्यारह मोबाइल, ग्यारह घड़ियां, लाखों की ज्वैलरी, बर्तन-कपड़े, लैपटॉप, कैमरा और एक बाइक बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दिनाजपुर पश्चिम बंगाल निवासी नदीम, किशनगंज बिहार निवासी कासिफ, छपरा बिहार निवासी संदीप, पश्चिम बंगाल निवासी गुलाम अली व महिला राधिकी पत्नी गुलाम अली के रूप में हुई हैं।
इस गैंग की सरगना राधिकी है। वह पहले घरों और कोठियों में साफ-सफाई का काम करती थी। इसी के बाद पति गुलाम अली के साथ गैंग तैयार किया और वारदातों को अंजाम देने लगी।
फेरी के बहाने करते थे रेकी
गैंग की सरगना राधिकी अपने पति गुलाम अली के साथ बाइक पर निकलती थी। ये दोनों कमरा देखने और फेरी लगाने के बहाने सेक्टरों व गांवों में चक्कर लगाते थे। इसी दौरान आरोपी घरों में ताला लगा देख गिरोह के अन्य साथियों को बुलाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह में शामिल बदमाश अब तक एनसीआर के दिल्ली, गुड़गांव, गाजियाबाद और नोएडा में कई चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
दिल्ली के ज्वैलर्स पर भी होगी सख्ती
लूट और चोरी को अंजाम देने वाला गिरोह घरों से लाखों रुपये की ज्वैलरी चोरी कर उसे दिल्ली की एक ज्वैलरी शॉप पर बेच देता था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ और छापेमारी कर आरोपी ज्वैलर्स की भी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।