नोएडा थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के बरौला गांव के हनुमान मंदिर के पास से बाइक सवार दो बदमाशों ने साढ़े तीन साल के बच्चे को अगवा कर लिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपाधीक्षक (नगर) श्वेताभ पांडे ने बताया कि बरौला गांव में किराए पर रहने वाले ललन कुमार ने थाना सेक्टर 49 में बीती रात मामला दर्ज कराया कि मंगलवार की शाम उनका साढ़े तीन साल का बेटा रोहन और सात वर्षीय बेटी मौसमी ब्यौरा गांव के हनुमान मंदिर में प्रसाद लेने गए थे जब मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां आए।
शिकायत में उन्होंने बताया कि दोनों युवक उनकी बेटी मौसमी के साथ बातचीत करने लगे। इसी बीच वहां रोहन भी आ गया। दोनों ने रोहन को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और वहां से भाग गए।
अपहरण की इस घटना के बाद बरौला गांव के लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि भीख मंगवाने का काम करने वाले गिरोह के लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। इससे पहले भी बरौला गांव से कई बच्चे लापता हो चुके हैं जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं।