कश्मीर से गिरफ्तार लश्कर के पाक आतंकी सैफुल्लाह उर्फ बहादुर अली को एनआईए की रिमांड के बाद 15 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एनआईए ने पूछताछ के बाद बहादुर अली को कोर्ट में पेश किया था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पूछताछ के बाद बहादुर अली को बुधवार को पटियाला हाउस स्थित विशेष एनआईए अदालत में पेश किया। एजेंसी ने अर्जी दायर कर कहा कि बहादुर अली से पूछताछ हो चुकी है, इसलिये उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाये।
एनआईए ने कश्मीर में चल रहे ताजा विवाद के सिलसिले में बहादुर अली के इकबालिया वीडियो का हवाला देते हुये कहा था कि पाक आतंकी संगठन लश्कर ने बुरहान वाणी की मुठभेड़ के बाद पनपे हालात को कश्मीर में हवा दी है।
एजेंसी ने दावा किया था कि इस गर्मियों से आतंकी संगठन सीमा पर तैनात पाक सेना की मदद से देश में हथियारबंद आतंकियों की घुसपैठ करवा रहा है। यह आतंकी आम लोगों में शामिल होकर शांति भंग करने के साथ-साथ पुलिस व सुरक्षाबलों को निशाना बना रहे हैं।