पटौदी ब्लॉक के नरहेड़ा पंचायत से नवनिर्वाचित सरपंच सुधा पर गांव के ही एक व्यक्ति ने फर्जी डिग्री के आधार पर चुनाव जीतने का आरोप लगाया है। वहीं सरपंच के पति ने आरोप को बेबुनियाद बताया है।
गांव के ही मनोज के मुताबिक नवनिर्वाचित सरपंच सुधा ने अपने नामांकन के वक्त उत्तर प्रदेश के हापुड़ के गौतम बुद्ध जूनियर हाई स्कूल से आठवीं तक की शिक्षा का सर्टिफिकेट दिया था।
जबकि आरटीआई के तहत हापुड़ जनपद के पिलखुवा के नगर शिक्षा अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक सुधा कुमारी नामक छात्रा ने जुलाई 1990 में किसी भी कक्षा में प्रवेश नहीं लिया है और मई 1993 में कोई कक्षा उत्तीर्ण नहीं की है।
न ही कोई स्थानांतरण सर्टिफिकेट इस नाम से जारी किया गया है। सरपंच सुधा के पति पद्म सिंह का कहना है कि चुनाव के वक्त जो भी दस्तावेज दिए गए थे, वो सभी असली हैं। आरटीआई के तहत जो सूचना दी गई है, वो गलत है।
वहीं, इस मामले में पटौदी के खंड एवं पंचायत विकास अधिकारी प्रदीप अहलावत का कहना है कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। मामला संज्ञान में आने के बाद जिला प्रशासन को अवगत करा दिया जाएगा।