सारन थाना क्षेत्र के पर्वतीय कॉलोनी में घर से बुलाकर ले गए एक युवक की ईंट से कुचल कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
संजय कॉलोनी, सेक्टर-23 गली नंबर-42 निवासी रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि गत 22 जनवरी को उसका बेटा चंदन घर पर था। शाम करीब पांच बजे गोलू नाम का एक लड़का उसके घर पर आया और चंदन को बुलाकर लाल सिंह के घर ले गया।
रात तक घर वापस न आने पर काफी तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। अगले दिन 23 जनवरी को पता चला कि चंदन की हत्या हो गई है। पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी में फोन करने पर घटना की जानकारी हुई। बीके अस्पताल के मोर्चरी में रखे चंदन के शव को देखने के बाद उसकी पहचान हो सकी।
रमेश का कहना है कि पर्वतीय कॉलोनी में पता करने पर मालूम हुआ कि उनके बेटे को नरेश चक्की वाला, उसका किराएदार गुडडू व पांच-सात अन्य लोगों ने मिलकर मारा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एसआई तेजराम का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है लेकिन अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।