दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लूट की रकम व ज्वेलरी में हिस्सा नहीं देने पर हत्या करने वाले दो आरोपियों समीर उर्फ मुस्ताकिम (21) और सुंदर सिंह (20) को गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने ताहिर उर्फ छोटे की हत्या कर दी थी।
ताहिर ने लखनऊ में झपटमारी की वारदात में आई ज्वेलरी व रकम में से हिस्सा देने से मना कर दिया था। स्पेशल सेल पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुशवाह के अनुसार केएन काटजू थाना इलाके में हैदरपुर वाटर प्लांट में मई महीने के दूसरे सप्ताह में एक युवक का शव मिला था।
बाद में मृतक की पहचान मुल्ला कॉलोनी, दिल्ली निवासी ताहिर उर्फछोटे के रूप में हुई थी। स्पेशल सेल में तैनात इंस्पेक्टर ललित मोहन नेगी व ह्दयभूषण की टीम को 30 मई को सूचना मिली थी कि ताहिर की हत्या करने के आरोपी शास्त्री पार्क में आएंगे।
पुलिस टीम ने यहां घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इनकेकब्जे से .32 बोर का देशी कट्टा, चार कारतूस व हत्या की वारदात में प्रयुक्त की गई सेंतरो कार बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ताहिर ने मार्च महीने में सुंदर व समीर से दिल्ली के बाहर वारदात करने के लिए बोला था। इन्होंने एक व्यक्ति से ज्वेलरी व रकम से भरा बैग छीन लिया था।
पीड़ित के बारे में सूचना एक आरोपी के रिश्तेदार ने दी थी। सुंदर व समीर लूट केमाल से हिस्सा मांग रहे थे। ताहिर ने उन्हें हिस्सा देने से इंकार कर दिया था। 12 मई को तीनों एक कार में घूम रहे थे। हिस्से को लेकर आरोपियों का ताहिर से झगड़ा हो गया था। इस झगड़े में समीर ने ताहिर को गोली मार दी थी।