नई बस्ती घूकना मोड़ सुभाषनगर में पांच फरवरी 2014 की रात हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है।
10 वर्षीय भाई के साथ बृहस्पतिवार को पुलिस आफिस पहुंची मृतक की 14 वर्षीय बेटी का दावा है कि उसके पिता ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी मां ने प्रेमी अंकल के साथ मिलकर पिता की हत्या की थी। वह चश्मदीद है।
उसे मारने की धमकी देकर डराया गया था, इसलिए वह खामोश रही। अब मां प्रेमी के साथ शादी करना चाहती है, लेकिन उसने और उसके दो छोटे भाइयों ने मां के प्रेमी को पिता मानने से इनकार कर दिया है।
नाराज होकर मां ने उन तीनों को घर से निकाल दिया है। वे पड़ोसी के घर पर रह रहे हैं। इसकी शिकायत उसने एसएसपी और एसएचओ सिहानी गेट से की है।
एसएचओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। दूसरी तरफ, बच्चों की मां आरोपों को झूठा बता रही है।
किशोरी की मानें तो नई बस्ती घूकना मोड़ सुभाषनगर में उनका अपना मकान है। पिता हिंडन विहार में प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में नौकरी करते थे। अलीगढ़ का रहने वाला युवक उनके घर में किराए पर रहता था, जो फूल डेकोरेटर है।
उसके उनकी मां से अवैध संबंध हो गए। पिता को यह पता चला तो उन्होंने युवक को घर से निकाल दिया। लेकिन मां युवक से मिलती रही। पांच फरवरी 2014 की रात मारने पीटने की आवाजें आने पर वह जागी तो देखा मां, उसका प्रेमी और तीन अन्य व्यक्ति पिता की हत्या कर रहे हैं।
हत्या के बाद उन्होंने उसे धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो उसे भी मार देंगे। कहा कि सबको आत्महत्या बताना है। आत्महत्या बताकर बिना पोस्टमार्टम कराए ही पिता के शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया।
अब मां प्रेमी से शादी कर रही है। उन पर दबाव बना रही है कि वे प्रेमी को पिता मानें। उन्होंने पिता मानने से इनकार किया तो 8 अगस्त को मां ने उसे, उसके 10 और चार वर्षीय छोटे भाइयों को घर से निकाल दिया।
एसएचओ सिहानी गेट अशोक सिसोदिया ने बताया कि शिकायत आई है, जिसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।