ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 स्थित सीएनजी पंप के पास बाइकर्स ने पांच साल की बच्ची को गन प्वाइंट पर लेकर महिला से चेन लूटने का प्रयास किया। महिला ने जब बेटी पर बंदूक तनी देखी तो वह दुर्गा का रूप धारण कर बदमाशों से भिड़ गई।
विरोध होता देख बदमाशों ने मां-बेटी को तमंचे की बटों से पीटकर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हिम्मत दिखाते हुए मां-बेटी ने बदमाशों को लूट में सफल नहीं होने दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई लेकिन वे फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक कासना कोतवाली क्षेत्र के स्वर्णनगरी में अनुराग सिंह परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार को उनकी पत्नी रश्मि अपनी पांच साल की बेटी निष्ठा को लेकर जगत फार्म गई थी। वहां से सामान खरीदकर बीटा-2 सीएनजी पंप के पास से गुजर रही थी।
पंप से कुछ दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी पर जा रही रश्मि को रोका और लूटपाट करने लगे।
बच्ची ने बदमाश के हाथ में काटा
विरोध करने पर बदमाशों ने बच्ची को गन प्वाइंट पर लेकर रश्मि की चेन छीनने की कोशिश की। बेटी के सिर पर मौत का सामान देखकर रश्मि काली बनकर बदमाशों से भिड़ गई। उसी दौरान बच्ची ने भी एक बदमाश के हाथ में काट लिया।
बदमाशों पर मां-बेटी भारी पड़ी तो उन्होंने तमंचों की बट से दोनों के सिर पर हमला कर दिया जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। बदमाश महिला से चेन लूटे बिना ही फरार हो गए।
घटना के बाद शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दोनों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। कासना पुलिस ने लूटपाट की इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर रात तक बदमाशों को पकड़ने में कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर पर दो बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाने से चंद दूरी पर हुई लूट की घटना
बदमाशों ने जिस स्थान पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है वहां पर अक्सर काफी लोगों का जमावड़ा रहता है। जहां पर बदमाशों ने लूट की घटना करने का प्रयास किया वहां से थाने की दूरी करीब सात सौ मीटर की है। दूसरे शब्दों में कहें तो बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। जिससे थाने से चंद दूरी पर भी लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
दिन में भी लोग सुरक्षित नहीं
शहर के लोग अब दिन हो या रात सुरक्षित नहीं है। दिनदहाडे़ बदमाश लूटपाट करके फरार हो जाते हैं लेकिन पुलिस हाथ मलती रह जाती है। आए दिन हो रही लूटपाट की घटनाओं को देखते हुए ग्रेनो में आने की लोग हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। बढ़ते अपराध के कारण ही पिछले कई साल से शहर की आबादी में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है।
एसपी ग्रेनो डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि महिला और उनकी बेटी के साथ बदमाशों ने जो घटना की है वह काफी घातक सिद्ध हो सकती थी, लेकिन महिला की बहादुरी के चलते लूटपाट होने से बच गई। आरोपी बाइकर्स को जल्द ही चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपराधियों के खिलाफ पुलिस तो कार्रवाई करती ही है समाज के लोगों को भी पुलिस का सहयोग करना होगा। लोगों से अपील है कि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।