रेलवे रोड पर खड़ी गाड़ी से एक माह पहले चेक बुक चोरी कर दो चेक से 5.40 लाख रुपये निकालने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष कुमार का कहना है कि तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही है। गाजियाबाद और नोएडा की बैंकों से यह राशि निकाली गई।
पुलिस ने बताया कि रेलवे रोड निवासी अंकित भाटी का नगर के ही सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में खाता है। करीब एक माह पहले उसकी गाड़ी में रखी चेक बुक चोरी हो गई थी। हालांकि उस समय उसने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। 2 जनवरी को जब वह बैंक में पास बुक में एंट्री कराने गया तो खाते से 5.40 लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली।
जांच में पता चला कि 1 जनवरी को न्यू जीएस इंटर प्राइजेेज के नाम चेक संख्या 655457 से 1.60 लाख रुपये गाजियाबाद के तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक और चेक संख्या 655459 से बीके इंजीनियरिंग के नाम से 3.80 लाख रुपये 21 दिसंबर 2016 को नोएडा के यूनियन बैंक से निकाले गए। दोनों चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर कैश निकाला गया।