गाजियाबाद से पलवल के बीच चलने वाली शटल ट्रेन में डांस सीखने वाली एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। छात्रा के शोर मचाने पर यात्रियों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की।
इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ निवासी एक छात्रा दिल्ली स्थित एक संस्थान से डांस सीखती है।
पहले से ही बुरी नजर रखता था शख्स
छात्रा का आरोप है कि नरहावली, छांयसा निवासी कृष्णन आते-जाते उसके साथ अक्सर छेड़खानी करता है। बृहस्पतिवार को छात्रा शाम के करीब 6.30 बजे गाजियाबाद शटल से बल्लभगढ़ वापस आ रही थी। वह जैसे ही स्टेशन पर उतरी, आरोपी ने अभद्र भाषा का उपयोग किया और छेड़खानी करने की कोशिश की।
इस दौरान छात्रा ने अपने भाइयों को स्टेशन पर ही बुला रखा था। छात्रा का शोर सुनकर अन्य यात्री भी वहां जमा हो गए और आरोपी को पकड़कर जमकर धुनाई की।
मौके पर पहुंची जीआरपी ने उसे हिरासत में ले लिया और पीड़ित छात्रा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ललित कुमार का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।