जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में एमफिल की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर वसंत कुंज (नार्थ) थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि आरोपी को थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया। दक्षिण जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नुपूर प्रसाद ने बताया कि पीड़ित छात्रा व आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और दोनों के बीच दोस्ती थी।
बताया जा रहा है कि छात्रा ने 21 सितंबर को वसंतकुंज थाने में मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और छेड़छाड़ की शिकायत दी थी। वसंतकुंज पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी छात्र राजाराम यादव (27) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया।
राजाराम जेएनयू में एमफिल कर रहा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्रा और आरोपी छात्र काफी समय से दोस्त थे। बताया जा रहा है कि दोस्ती खत्म होने पर छात्रा ने शिकायत की है। वसंतकुंज (नार्थ) थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।