शहर के पॉश इलाके के रहने वाले एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी कर निजी फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 80 लाख रूपए मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि मामला मार्च 2017 का है। जानकारी के अनुसार डीएलएफ फेज निवासी व्यक्ति पिछले साल अक्तूबर में गोवा किसी काम से गए थे। होटल से उनका मोबाइल चोरी हो गया था। मोबाइल चोरी की शिकायत उन्होने गोवा पुलिस को भी दी थी। गोवा पुलिस ने मोबाइल चोरी का केस दर्ज भी किया था।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मार्च में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर फोन करके 80 लाख रूपए मांगे। पहले तो पीड़ित ने इसे नजरअंदाज कर दिया। लेकिन फोन करने वाले ने पीड़ित को बताया कि मोबाइल में उसके निजी फोटो व वीडियो हैं।
अगर पैसे नहीं दिए तो फोटो व वीडियो को यूट्यूब, वाट्सएप और फेसबुक पर वायरल करने की धमकी दी। इस धमकी के बाद पीड़ित काफी परेशान हो गया। इससे परेशान होकर पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।