जेवर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार शाम को तीन सगे भाइयों ने उसी गांव में रहने वाली दो चचेरी बहनों के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। नाबालिगों की चीख सुनकर दादी के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की दादी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अभी फरार है।
जेवर के एक गांव में शाम के वक्त दो 10 और 12 साल की चचेरी बहनें घर में थीं। उसी वक्त छोटू उर्फ बाबूलाल घर में घुस आया और छेड़छाड़ करने लगा। बहनों ने इसका विरोध किया तभी बाबूलाल के दो भाई हरिकिशन और संतोष भी मौके वहां पहुंच गए और नाबालिगों से अभद्रता शुरू कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों बहनों के कपडे़ भी फाड़ दिए। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर उनकी दादी ने शोर मचा दिया जिसके बाद तीनों आरोपी मौके से भाग गए। पीड़ितों की दादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तीनों भाइयों के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दो आरोपी छोटू व हरिकिशन को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन सगे भाइयों पर घर में घुसकर दो नाबालिग बहनों से छेड़खानी और मारपीट की शिकायत आई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे की तलाश की जा रही है। उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - अजय कुमार शर्मा कोतवाली प्रभारी जेवर।