गांधी नगर इलाके में मौजमस्ती करने के लिए तीन नाबालिग लड़कों ने गारमेंट कारोबारी की दुकान से 6.50 लाख रुपये उड़ा लिए। आरोपियों ने तीन दिनों के भीतर रुपयों से खूब मौज भी ली। लेकिन जल्द ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया। उनके पास से 3.49 लाख रुपये और चोरी के माल से खरीदा गया एक कैमरा बरामद हुआ है। इनका तीसरा साथी बाकी रकम के साथ फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस की मानें तो तीनों लड़के चोरी की पांच वारदातों में शामिल रहे हैं।
शाहदरा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित कारोबारी सौरभ तायल की सुभाष रोड पर गारमेंट की दुकान है। गत तीन जून को उन्होंने देर रात को दुकान बंद की थी। दुकान के गल्ले में 6.50 लाख रुपये रखे थे। अगले दिन दुकान खोली तो पता चला कि किसी ने उनके गल्ले से रुपये उड़ा लिए थे। पुलिस को सूचना दी गई। छानबीन के दौरान पता चला कि चारों ने पहली मंजिल की खिड़की पर लगा शीशा तोड़कर वहां से अंदर दाखिल होकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को शुरूआती जांच में किसी कर्मचारी पर शक हुआ।
पूछताछ में पुलिस को दुकान पर काम करने वाले एक नाबालिग लड़के पर शक गहराया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उसने वारदात को अंजाम दिया था। पहले वह पाइप के सहारे ऊपर चढ़े। बाद में खिड़की का शीशा तोड़कर दुकान में अंदर दाखिल हो गए। गल्ले पर चूंकि ताला नहीं लगा था, इसलिए बड़ी आसानी से रुपये निकालकर यह वापस आ गए। इन लोगों ने बताया कि मौज मस्ती के लिए यह लोग चोरी करते हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। बाकी फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।