दिल्ली में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। एक बाप का अपनी ही 10 साल की बेटी से रेप करने का मामला सामने आया है। मामला तब सामने आया जब बच्ची ने अपनी क्लासमेट को इसके बारे में बताया। बच्ची की क्लासमेट ने अपनी टीचर को बताया, जिसने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी।
अडिश्नल डीसीपी(साउथईस्ट) घनश्याम बंसल ने कहा कि मामला दक्षिणपूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके की जांच पॉक्सो ऐक्ट की धाराओं के तहत आगे बढ़ाई जा रही है। मंगलवार को पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए एम्स के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था।
बताया जा रहा है कि बच्ची की मां की कुछ समय पहले मौत हो गई थी और उसके बाद बच्ची अपने पिता के साथ ही रह रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कई बार अपनी बेटी के साथ रेप किया। बच्ची ने इस बारे में अपनी दोस्त को बताया और उसने इसके बारें में टीचर को बताया। टीचर ने पीड़िता से पूछा तो उसने अपने पिता के बारें में बताया।
मामले की पूरी जानकारी होने के बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस से संपर्क किया। जिसके बाद बच्ची के घर एक टीम भेजी गई और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उधर जांच अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, फिलहाल बच्ची की काउंसलिंग चल रही है।