झोलाछाप चिकित्सक दंपति एमटीपी किट बेचते हुए गिरफ्तार
- काफी वर्षों से चल रहा था अवैध प्रैक्टिस के साथ गोरखधंधा
- 8 हजार रुपये में तय हुआ सौदा, स्वास्थ्य विभाग ने छापा मारकर पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। मलिक कॉम्प्लेक्स के पीछे तंग गली में क्लीनिक चला रहे झोलाछाप चिकित्सक दंपति को एमटीपी किट बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपियों के पास से तय हुए सौदे के 8 हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि मलिक कॉम्प्लेक्स के पीछे एक दंपति बिना प्रैक्टिस लाइसेंस के क्लीनिक चला रहे हैं। वहीं ये एमटीपी किट भी बेचते हैं। टीम ने डिकॉय पेशेंट को इनसे किट खरीदने के लिए मौके पर भेजा। डिकॉय पेशेंट के साथ 8 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। टीम ने डिकॉय को 500-500 रुपये के 16 नोट देकर भेज दिया, जिनके नंबर नोट कर लिए। डिकॉय ने जैसे ही आरोपी दंपति से पैसे देकर किट खरीदी तो टीम ने छापा मार दिया। आरोपी के कब्जे से टीम ने 8 हजार रुपये बरामद कर लिए। वहीं एमटीपी किट भी बरामद, जो कि आरोपी ने रैपर से निकालकर कागज में पैक करके दी थी। दंपति ने डिकॉय पेशेंट को बाकायदा दवा लेने की विधि भी कागज पर लिखकर दी थी। पुलिस ने शिव कॉलोनी निवासी रामसेवक व शोभा को गिरफ्तार कर लिया है।
तहसीलदार की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
छापेमार कार्रवाई के लिए सीएमओ ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के लिए डीसी सोनल गोयल से बात की। जिस पर डीसी ने तहसीलदार मुख्तियार सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किया। जिनकी मौजूदगी में क्लीनिक की तलाशी ली गई तो वहां से काफी संख्या में दवाईयां मिली। जो कि मेडिकल स्टोर के बिना रखी ही नहीं जा सकती।
माह में विभाग की चौथी सफल रेड
स्वास्थ्य विभाग के द्वारा पीएनडीटी को लेकर कड़ी नजर रखी जा रही है। विभाग के द्वारा इस माह में यह चौथी सफल रेड है। टीम ने सबसे पहले बहादुरगढ़ में रेड की थी, जहां से एमटीपी किट बरामद की थी। इसके बाद छुछकवास में मोबाइल एप से लोगों को मूर्ख बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया तथा बेरी में मेडिकल स्टोर चलाने वाले की कार से एमटीपी किट बरामद की थी। वहीं बुुधवार को टीम ने बिना लाइसेंस के प्रैक्टिस करने वाले झोलाछाप दंपति को एमटीपी किट बचेते हुए पकड़ा है
वर्जन
उन्हें सूचना मिली थी कि मलिक कॉम्प्लेक्स के पीछे एक दंपति अवैध तौर पर मेडिकल प्रैक्टिस कर रहा है। जो कि एमटीपी किट भी बेचता है। जिस पर टीम ने छापा मारकर किट सहित दंपपि को रंगे हाथ पकड़ लिया है। आरोपियों के खिलाफ झज्जर थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। - रणदीप पूनिया, सीएमओ, झज्जर।
वर्जन
स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर शिव कालोनी निवासी रामसेवक व शोभा देवी के खिलाफ अवैध रुप से मेडिकल प्रैक्टिस करने, प्रतिबंधित दवाएं रखने का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
- राजेश कुमार, सिटी चौकी इंचार्ज, झज्जर।
फोटो संख्या-10 से 12