सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार शाम तलाशी के दौरान दो नाबालिग भाइयों के बैग से कट्टा और कारतूस मिले। दोनों को मेट्रो पुलिस के हवाले कर दिया गया है। शास्त्री पार्क मेट्रो थाना पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों से पूछताछ कर रही है। दोनों भाई बदायूं के रहने वाले हैं।
मेट्रो पुलिस उपायुक्त जीतेंद्र मणि ने बताया कि सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार शाम दो नाबालिग पहुंचे। उन लोगों ने अपना बैग एक्सरे मशीन में दिया। जांच के दौरान एक्सरे मशीन पर मौजूद सीआईएसएफ के सिपाही ने बैग में हथियार नुमा चीज देखा। सिपाही ने बैग को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। बैग से एक कट्टा और दो कारतूस मिले।
सिपाही ने दोनों नाबालिगों से हथियार के बारे में पूछताछ की। दोनों ने इस पर अनभिज्ञता जाहिर की और गलती से बैग में लेकर आने की बात कही। पूछताछ में पता चला कि दोनों बदायूं के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर हथियार लाने के मकसद के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। साथ ही उनके परिजनों को इसकी जानकारी दे दी है। पुलिस शनिवार को दोनों को बाल न्यायालय में पेश करेगी।