भोपुरा में दूध कारोबारी (30) की चाकू से गोदकर हत्या करके लाश नाले में फेंक दी गई। कारोबारी को कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए थे। बुधवार सुबह पिता योगा करने के लिए घर से बाहर निकले तो बेटे का शव नाले में पड़ा देखा।
एसपी सिटी समेत कई पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पूछताछ के लिए गांव के छह लोगों और दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आ रहा है।
हरेंद्र नागर भोपुरा गांव में दूध की डेयरी का कारोबार करता था। मंगलवार रात को करीब साढे़ नौ बजे बाइक पर आए दो लोग हरेंद्र को अपने साथ ले गए थे। देर रात तक हरेंद्र के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया लेकिन वह अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था।
बुधवार सुबह जब हरेंद्र के पिता महिपाल योगा जाने के लिए घर से निकले तो बेटे की लाश नाले में पड़ी देखी। उसके शरीर पर चाकू से वार के कई निशान थे। मौके पर एसपी सिटी समेत पुलिस के अन्य अधिकारी पहुंचे। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एसपी सिटी शिवहरि मीणा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की स्थिति और साफ हो सकेगी। प्रारंभिक जांच के अनुसार पैसों के लेनदेन में हत्या की आशंका है। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। हरेंद्र के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। एसपी सिटी ने बताया कि हत्यारे हरेंद्र के परिचित हो सकते हैं।
एक सप्ताह पहले लेनदेन को लेकर हुआ था झगड़ा
पैसे के लेनदेन को लेकर लगभग एक सप्ताह पहले हरेंद्र का तुलसी निके तन निवासी किसी व्यक्ति से झगड़ा हुआ था।
कॉल डिटेल के आधार पर दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
बुधवार सुबह हरेंद्र के मोबाइल पर एक महिला का फोन आया था। मोबाइल परिजनों ने उठाया। महिला हरेंद्र से बात करना चाहती थी। उस नंबर की पड़ताल की गई तो मोबाइल तुलसी निकेतन स्थित एक मकान के पते पर रजिस्टर मिला। पुलिस ने मकान में रह रही दो महिलाओं को हिरासत में लिया है।