रजनीगंधा चौराहे पर कैब सवार चार बदमाशों ने मीडियाकर्मी को लिफ्ट देने के बाद उससे तीन मोबाइल, पर्स व अन्य सामान लूट लिया। बदमाश दो घंटे तक उन्हें कैब से सड़कों पर घुमाते रहे और इस दौरान पिस्टल के बल पर मारपीट भी की।
इसके बाद सुनसान इलाके में फेंककर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित व्यक्ति ने सेक्टर-20 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बिहार निवासी समीर कुमार दिल्ली के महीपालपुर में रहते हैं। वह सेक्टर-3 स्थित एक प्राइवेट न्यूज चैनल में काम करते हैं।
सोमवार रात 11 बजे ऑफिस से निकलने के बाद वह घर जाने के लिए रजनीगंधा पर गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान वहां एक कैब पहुंची। चालक ने महीपालपुर छोड़ने की बात कहकर समीर को कैब में बैठा लिया।
समीर ने बताया कि कैब में चालक के अलावा एक युवक आगे और दो पीछे बैठे थे। गाड़ी चलते ही नशे में धुत लोगों ने कार के शीशे बंद कर लिए। पिस्टल और चाकू लिए बदमाशों ने मारपीट कर समीर को सीट के नीचे डाल दिया और करीब दो घंटे तक सड़कों पर घुमाते रहे।
इस दौरान उन्होंने समीर के तीन मोबाइल और पर्स में रखे करीब एक हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने समीर से पिन पूछकर डेबिट कार्ड से पैसे निकालने की भी कोशिश की, लेकिन उनके खाते में पैसे नहीं थे। इसके बाद बदमाश उन्हें सुनसान इलाके में फेंककर चले गए।
लोगों से पूछताछ करने पर समीर को पता चला कि वह त्रिलोकपुरी, दिल्ली में हैं। उन्होंने एक वाहन चालक के मोबाइल से घर पर फोन किया। मंगलवार को उन्होंने सेक्टर-20 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। एएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।