डासना के इसहाक नगर में बृहस्पतिवार रात छह नकाबपोश लुटेरों ने डकैती डाली। खुद को पुलिसवाले बताकर गेट खुलवाए। तीन महिलाओं समेत मोटर मैकेनिक उमर सैफी के परिवार के आठ सदस्यों को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर लूटपाट की।
करीब एक लाख के गहने, मोबाइल और 24 हजार कैश लूटा और परिवार को कमरे में बंद कर भाग गए। बदमाश पुुलिसवालों जैसी ही टोपी पहने थे।
उमर सैफी ने बताया कि रात ढाई बजे सीढ़ी से दीवार फांदकर घर के आंगन में छह नकाबपोश बदमाश घुसे। उन्होंने पुलिसवाले बताकर एक-एक कर कमरों के गेट खुलवाए।
बताया कि एक फरार युवक की तलाश में आए हैं। बदमाशों ने उन्हें, उनकी पत्नी रजिया, पिता रफीक, मां जैनब, भाई शहजाद, उसकी पत्नी सलमा, छोटे भाई शाहनवाज और हैदर को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया।
मारपीट कर अलमारी की चाभी ली और लूटपाट की। करीब चार बजे जाते हुए बदमाश उन्हें कमरे में बंद कर भाग गए। बंधन मुक्त होकर उन्होंने कंट्रोल रूम में सूचना दी।
पुलिस को दीवार पर सीढ़ी लगी मिली। एसएचओ वीरेंद्र यादव ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है।