सगरासुंदरपुर। रंजिश के चलते मेडिकल स्टोर संचालक पर घात लगाए लोगों ने तमंचे से फायर कर दिया। जानलेवा हमले में वह बाल-बाल बच गया। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के रायपुर भेड़ियानी निवासी गिरीशचंद्र पांडेय ने सगरा सुंदरपुर बाजार में मेडिकल स्टोर खोल रखा है। गुरुवार शाम लगभग सात बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर जा रहा था। आरोप है कि कोतवाली के रघवापुर गांव के समीप लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज के सामने कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया।
गिरीश के मुताबिक गोली उसके हाथ को चीरती हुई निकल गई। उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और प्रभारी कोतवाल सभाजीत मिश्रा को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस गिरीश को लेकर कोतवाली आई। यहां पीड़ित ने सगरा सुंदरपुर निवासी जुगेश सरोज, रामखेलावन व एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। इसी के चलते आरोपियों ने जानलेवा हमला किया है। तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियाें के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है। प्रभारी कोतवाल सभाजीत मिश्र का कहना है कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल घटना संदिग्ध दिखाई दे रही है, मामले की छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी।