आठ दिन पहले न्यू रेलवे रोड पर मणप्पुरम गोल्ड में हुई लूट के मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों क ी पुलिस रिमांड पूरी होने पर बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया। जहां पर अदालत ने पांच आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया, जबकि मास्टर माइंड सहित चार आरोपियों की चार दिन की रिमांड बढ़ा दी है।
न्यू रेलवे रोड पर मणुप्पुरम गोल्ड में 32 किलो सोने की हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस दौरान लगभग 30 किलो सोना, दो बाइक व एक कार के साथ पांच लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने मास्टर माइंड देवेन्द्र उर्फ देवा, विकास गुप्ता, मनोज व बिजेन्द्र को चार दिन की और रिमांड पर लिया है, जबकि कानपुर किदवई नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले दानिश, मोहम्मद शाहिद, वसीक, अरशद व फर्रुख नगर के रहने वाले मनोज सैनी के दोस्त नवीन उर्फ आरा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
मामले की जांच कर रहे एसीपी क्राइम संजीव बल्हारा ने बताया कि मास्टर माइंड बार-बार अपना बयान बदल रहा है। लूट का कुछ सामान अभी बरामद करना है, इसलिए मुख्य आरोपियों को चार दिन की और रिमांड पर लिया गया है।