राजधानी के दो अलग-अलग जगहों पर कार्यालय से काम कर घर लौट रहे दो युवकों पर बदमाशों ने हमला कर लूटपाट की। अलीपुर में एक युवक को बदमाशों ने लाठी डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया और उससे बाइक लूट ली।
वहीं बेगमपुर में एक युवक के हाथ में दांत से काटकर बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। लेकिन लोगों ने भाग रहे एक बदमाश को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार अरुण कुमार सपरिवार अलीपुर के हौलंबीखुर्द गांव में रहता है। वे नोएडा स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी में काम करता है। शुक्रवार की रात वह कार्यालय से घर आ रहा था। रात आठ बजे वह बुढ़पुर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने उनपर डंडे से हमला कर दिया।
बाइक रोकने पर बदमाशों ने अरुण की लाठी डंडों व हेलमेट से पिटाई कर उसे अधमरा कर दिया और बाइक लूटकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं, दूसरी घटना बेगमपुर इलाके की है। रोहिणी सेक्टर 20 निवासी रवींद्र कुमार वैशाली गाजियाबाद स्थित अंसल प्लाजा में काम करता है। शुक्रवार रात कार्यालय से वापस आने के दौरान वह सुल्तानपुरी बस स्टॉप से पैदल घर जा रहा था।
इसी दौरान झाड़ी से एक युवक निकला और उसका मोबाइल फोन छीनने लगा। रवींद्र के विरोध करने पर झाड़ियों से तीन युवक निकलेे और उनमें से एक ने रवींद्र के हाथ पर दांत काटकर उससे मोबाइल फोन छीनकर भागने लगा।
शोर होने पर वहां काफी लोग जमा हो गए और भाग रहे एक बदमाश को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान अमन विहार निवासी दीपक के रूप में हुई। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है।