गुड़गांव के मानेसर गांव में सोमवार को एक युवक के सिर पर कस्सी मारकर हत्या कर दी गई।
वारदात
के वक्त मृतक की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी लेकिन आरोपी उसे धमका कर फरार
हो गया। घटना के कुछ देर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की।
जिसमें पाया कि दोनों में पुरानी रंजिश चल रही थी जिसके चलते आरोपी ने उसकी
हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज
आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरु कर दी है।
मध्यप्रदेश के शीशगढ़ के रहने वाला सुखराम पिछले काफी समय से मानेसर स्थित झुग्गियों में अपने परिवार के साथ रहता था। वह यहां रहकर मजदूरी का करता था। जानकारी के अनुसार सोमवार को उसके ठेकेदार ने उसे बास अलियर गांव में लक्ष्मण के घर रुपये लेने के लिए बुलाया था।
बताया जा रहा है कि सुखराम और पत्नी चमेली दोनों वहां पहुंचे। जहां पर राहुल पहले से मौजूद था। ठेकेदार के न पहुंचने पर तीनों लक्ष्मण के निर्माणाधीन मकान पर ही रुक गए। दोपहर होने के चलते सभी यहीं पर रुक गए। मृतक की पत्नी एक कमरे में सो गई जबकि सुखराम और राहुल दोनों दूसरे कमरे में आराम करने लगे।
इसी बीच सुखराम को नींद आने पर राहुल ने यहां पर रखी कस्सी से उसके सिर पर वार कर दिया। चीख सुनकर उसकी पत्नी भी जाग गई जिस पर आरोपी ने उसे धमकाया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद खून से लथपथ हालत में उसे अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी इससे गुस्साए राहुल ने उसकी हत्या कर दी। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। मानेसर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।