वसंतकुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस ने करोड़ों की ठगी करने वाले बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी देश के कई आईएएस, आईपीएस, सांसद और विधायकों के साथ भी ठगी कर चुका है।
मामला बड़े लोगों से ठगी का होने के कारण पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। शनिवार को अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
दक्षिण जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि देहरादून, उत्तराखंड के एक बड़े व्यवसायी ने वसंतकुंज (नॉर्थ) थाने में 25 लाख से ज्यादा ठगी की शिकायत दी थी।
व्यवसायी ने शिकायत में कहा था कि आरोपी संजीव बहल (62) ने उसे विदेशी कार सस्ते में दिलाने की बात कही थी। लेकिन आरोपी पैसे लेकर गायब हो गया।
वसंतकुंज (नार्थ) थाने के वीरेंद्र सेजवाल, एसआई नीरज यादव, सिपाही विकास व कर्मवीर की टीम ने तफ्तीश शुरू की। इसके बाद टीम ने आरोपी डीएलएफ फेज-दो गुड़गांव निवासी संजीव बहल पुत्र राजनाथ बहल को शुक्रवार को वसंतकुंज में मॉल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी संजीव बहल ने डिप्लोमेट कार पूल नाम से कंपनी खोल रही थी। ये लोगों को एंबेसी की कार, विदेशी, ऑटो एक्सपो में आने वाली महंगी लग्जरी कार सस्ते में दिलाने का झांसा देता था।
वह कार के हाईलेवल ब्रांड दिलाने की बात कहता था। संजीव बहल के खिलाफ वसंतकुंज थाने में पहले ही 102 करोड़ की ठगी के दो मामले दर्ज हैं। दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में एक करोड़ की ठगी का मामला दर्ज है।
इसके अलावा मुंबई, केरल, कोयंबटूर, हैदराबाद, कानपुर देहात, यूपी और गुड़गांव में भी उसके खिलाफ ठगी के मामले दर्ज हैं।