कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक शख्स द्वारा दो आतंकियों को देखने का दावा करने के बाद स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा में जुटी पुलिस के होश उड़ गए।
चार घंटे तक चले तलाशी अभियान में पुलिस को कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सूचना देने वाला व्यक्ति अब भी अपनी बातों पर अडिग है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति ने कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन के पास आतंकी संगठन आईएसआईएस के दो संदिग्ध को देखने का दावा किया। उसने बताया कि दोनों संदिग्ध मेट्रो व रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहे थे।
कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन के पास मेट्रो का ट्रैक भी जमीन पर है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मेट्रो पुलिस व सीआईएसएफ के जवानों ने ट्रैक में विस्फोटक लगाए जाने की आशंका को देखते हुए पूरे ट्रैक की जांच शुरू कर दी।