पानी पीने के बहाने घर में घुस कर एक सब्जी वाले ने बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर आस पास के लोग आए तो आरोपी भाग निकला। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शहर की एक कालोनी में रहने वाली 11 वर्षीय बच्ची के माता-पिता नौकरी करते हैं। 1 नवंबर की शाम करीब छह बजे बच्ची अपनी छोटी बहन के साथ माता पिता के आने का इंतजार कर रही थी। इसी समय एक अनजान व्यक्ति घर के दरवाजे पर आया।
उसने खुद को बच्ची के पापा का परिचित बताते हुए कहा कि उन्होंने उसे किसी काम से भेजा है। उसने बच्ची से कहा कि पहले एक गिलास पानी लेकर आए तभी वह काम बताएगा। बच्ची पानी लेने अंदर गई तो युवक भी साथ में अंदर घुस आया।
युवक ने अंदर से दरवाजा बंद कर बच्ची को दबोच लिया। बच्ची ने जोर जोर से चीख कर मदद मांगी। उसकी आवाज सुन पड़ोसी ताऊ उसके घर की ओर बढ़े। यह देख कर युवक दरवाजा खोल कर भाग निकला। 23 नवंबर 2016 की सुबह दस बजे बच्ची की मां ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रही थी।
इस दौरान एक सब्जी वाला आया उसे देखते ही बच्ची ने पहचान लिया कि इसी व्यक्ति ने 1 नवंबर की शाम उसके साथ अश्लील हरकत कर प्रयास किया था। बच्ची के मुताबिक सब्जी वाला उसे घूर रहा था, उसने मम्मी को सारी बात बता दी।
पीड़ित परिवार ने पुलिस को फोन कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची महिला थाना एसएचओ इंस्पेक्टर सुशील और उनकी टीम ने बच्ची की निशानदेही पर आरोपी सब्जी वाले को पकड़ लिया।
सब्जी वाले ने अपना नाम गिरराज निवासी डबुआ कॉलोनी बताया और वारदात को अंजाम देना कुबूल किया। मामले की जांच कर रही महिला थाने की एएसआई सुशीला ने बताया कि आरोपी को न्यायालय से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।