नोएडा में अट्टा गांव के एक पोलिंग बूथ पर फर्जी वोट डालने पहुंचे युवक को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने पीठासीन अधिकारी की शिकायत पर गिरफ्तार किया है।
शाम पांच बजे अट्टा गांव में बूथ नंबर 322 में एक युवक चंदन गौड़ नाम के वोटर की पर्ची लेकर पहुंचा। मौजूद पीठासीन अधिकारी ने पर्ची की जांच की तो पता चला कि उसके नाम का वोट पहले ही पड़ चुका है।
उन्हें कुछ शक हुआ, तो युवक से पूछताछ शुरू कर दी। पता चला कि युवक का नाम नौशाद है। हमीरपुर निवासी युवक न्यू अशोक नगर दिल्ली में रहता है और अट्टा में कपड़े की दुकान पर काम करता है।
उसने बताया कि उसे यह पर्ची दुकान के मालिक ने वोट डालने के लिए दी थी। पीठासीन अधिकारी सुशील गुप्ता की लिखित शिकायत पर सूचना पाकर पहुंची थाना सेक्टर-20 पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।