विजय चौक पर आत्महत्या करने वाला व्यक्ति
- फोटो : अमर उजाला
संसद भवन के नजदीक विजय चौक पर एक व्यक्ति ने पेड़ से लटककर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मृतक के पास से 23 पेज का सुइसाइड नोट बरामद किया है। इसमें लिखा है कि सट्टे में 13 करोड़ रुपये हारने के कारण उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने शव को राममनोहर लोहिया अस्पताल में रखवा दिया है। मध्यप्रदेश में रहने वाले उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके शनिवार तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
डीसीपी जतिन नरवाल ने बताया कि संसद भवन की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने बृहस्पतिवार सुबह पेड़ से लटके एक व्यक्ति की सूचना पार्लियामेंट थाना पुलिस को दी।
पुलिसकर्मियों ने व्यक्ति के शव को नीचे उतारा और उसे राममनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शिवपुरा, मध्यप्रदेश निवासी रामदयाल वर्मा (39) के रूप में हुई।
मिट्टी के बर्तन बनाने का करता था काम
विजय चौक पर एक शख्स ने की आत्महत्या
- फोटो : ANI
वह जाति से कुम्हार है और बर्तनों का काम करता है। पुलिस को रामदयाल वर्मा के पास से 23 पेज का सुइसाइड नोट मिला है। इसमें सट्टे में कुल 13 करोड़ रुपये हारने की बात लिखी गई है। साथ ही लिखा है कि उसके शहर शिवपुरा में कुछ लोकल सटोरियों से बड़ी रकम उधार हो गई थी।
सट्टेबाजी में रकम हारने के कारण वह परेशान रहने लगा था। उसका घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। लोग उसे जलील करते थे। हालांकि, पुलिस उसकी इस बात पर कम ही विश्वास कर रही है। मिट्टी के बर्तनों का काम करने वाला 13 करोड़ रुपये कहां से लाया, यह संदेहास्पद है।
सट्टेबाजी बंद करवाने के लिए विजय चौक पर जान दी
रामदयाल वर्मा ने सुइसाइड नोट में लिखा है कि वह गुमनामी की मौत नहीं मरना चाहता। वह मध्यप्रदेश में खुदकुशी करता तो किसी को कुछ पता नहीं लगता। किसी को कुछ फर्क नहीं पड़ता। इस कारण उसने विजय चौक को खुदकुशी के लिए चुना। उसने लिखा है कि वह विजय चौक पर इसलिए खुदकुशी कर रहा है, ताकि सट्टेबाजी जैसे अपराध पर रोक लग जाए। वह यह भी चाहता था कि उसके परिवार को कोई आर्थिक सहायता मिल जाए। वह पहले भी दो-तीन बार विजय चौक पर आ चुका है। मगर उसने खुदकुशी या खुदकुशी का प्रयास नहीं किया था।