ओल्ड डालनवाला में सोमवार शाम एमए की छात्रा ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। गाजियाबाद के निवाड़ी की रहने वाली छात्रा शालू देहरादून में एमए की पढ़ाई कर रही थी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। शालू अपने छोटे भाई के साथ रहती थी।
निवाड़ी निवासी विवेक चौधरी की बेटी शालू (22) देहरादून के ओल्ड डालनवाला में किराए पर कमरा लेकर छोटे भाई विशाल के साथ रहती थी। शालू शिमला बाईपास स्थित उत्तरांचल विश्वविद्यालय में एमए की छात्रा थी।
विशाल महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज में एक अधिकारी की कार चलाता है। सोमवार दोपहर को विशाल कमरे पर आया था। बहन के साथ खाना खाकर ड्यूटी चला गया। शाम को साढ़े 7 बजे के करीब वह आया तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
मोबाइल से कॉल की तो नहीं उठा। कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा तो शालू पंखे पर लटकी हुई थी। विशाल मकान मालिक की मदद से शालू को टैंपो में लेकर दून अस्पताल पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।