कोतवाली क्षेत्र के मुतैना गांव में मंगलवार को रहस्मय हालात में गायब चार वर्षीय बच्चे प्रिंस का शव बुधवार को पुलिस ने पड़ोसी महिला के घर के पीछे से बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक परिवार की ही महिला ने अपने प्रेमी के अपमान का बदला लेने के लिए प्रेमी संग मिलकर बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुतैना गांव निवासी धर्मेंद्र का चार साल का बेटा प्रिंस मंगलवार को घर के बाहर खेलते वक्त संदिग्ध हालात में गायब हो गया था। परिजनों ने शाम को उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बच्चे की तलाश में पुलिस रात भर जुटी रही लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
बुधवार दोपहर बच्चे का शव पड़ोस में रहने वाली महिला कविता के घर के पीछे से मिला। पुलिस ने शक के आधार पर महिला को हिरासत में लेकर उसके घर की तलाशी ली। महिला के घर के एक कमरे से बच्चे की चप्पल, कपड़ा और खून के निशान मिले।
कविता ने पूछताछ में बताया कि उसके ककोड़ क्षेत्र के एक युवक से कई सालों से अवैध संबंध थे। प्रेमी का घर आना-जाना भी था। धर्मेंद्र के भाई कुलदीप ने उसे प्रेमी संग पकड़ लिया और प्रेमी के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद से ही कुलदीप प्रेमी के महिला के घर आने का विरोध करने लगा था।
दो दिन पहले महिला ने अपने प्रेमी को बुलाकर उसके अपमान का बदला लेने के लिए धर्मेंद्र के बेटे को मारने की योजना बनाई। मंगलवार को महिला ने प्रिंस को घर के बाहर खेलते वक्त देखा और बहाने से बुलाकर अंदर ले गई। महिला ने फोन करके अपने प्रेमी को भी बुला लिया और योजना के मुताबिक बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी।