सेक्टर-58 और फेस-3 इलाके से हथियारबंद बदमाशों ने दो लक्जरी कारें लूट ली। इस दौरान विरोध करने पर एक कार चालक को गोली भी मार दी। पुलिस ने जीपीएस के माध्यम से दोनों लूटी गई कार को बरामद कर लिया है। लेकिन, बदमाश अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। मूलरूप से बुलंदशहर निवासी कैलाश (30) यहां भंगेल में परिवार समेत रहता है। वह एक प्राइवेट ट्रेवल एजेंसी की गाड़ी चलाता है, जिसका मालिक गुरुचरण है। एजेंसी की गाड़ी (टोयोटा करोला) एक प्राइवेट न्यूज चैनल के लिए चल रही है।
कैलाश बृहस्पतिवार रात चैनल के किसी वरिष्ठ मीडियाकर्मी को कौशांबी (गाजियाबाद) छोड़कर घर लौटते वक्त करीब ढाई बजे सेक्टर-58 मेें लेबर चौक के पास चाय पीने के लिए रुक गया। तभी दो लोग उसके पास आए और उससे सेक्टर-12,22 तक छोड़ने के लिए कहा। रुपयों के लालच में उसने दोनों को कार में बैठा लिया। एक आगे और दूसरा पीछे वाली सीट पर बैठ गया। सेक्टर-57 चौक क्रॉस कर सेक्टर 12, 22 के लिए टर्न लेते ही उन्होंने कार रुकवा लिया और उससे नीचे उतरने को कहा।
कैलाश के विरोध करने पर एक बदमाश ने फायरिंग की कर दी। गोली कैलाश के बाएं हाथ में जा लगी। घायल होने पर बदमाशों ने उससे मोबाइल और 1400 रुपये लूट लिया। साथ ही उसे नीचे फेंककर कार लेकर फरार हो गए। थोड़ी देर बाद गश्त कर रहे पीसीआर वैन ने कैलाश को सड़क पर पड़ा देख घायलावस्था में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल, उसकी स्थिति गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है।
लिफ्ट लेकर दिया वारदात को अंजाम
- फोटो : Demo Pic
सेक्टर-24 और सेक्टर-58 पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद कैलाश से पूछताछ की। फौरन कैब मालिक से संपर्क कर जीपीएस का लोकेशन मांगा गया। इसके बाद पुलिस बदमाशों के पीछे लग गई। पता चला कि गाड़ी दादरी रेलवे फाटक के पास है। पुलिस को देखकर बदमाश कोट पुल पुलिस चौकी से थोड़ा पहले ही गाड़ी साइड में पार्क कर खेत की ओर फरार हो गए।
ग्रेटर नोएडा निवासी अशफाक से बदमाशों ने हुंडई एसेंट कार लूट लिया। हालांकि, कार बरामद कर ली गई है। लेकिन, बदमाश फरार हैं। अशफाक गुड़गांव की एक कॉल सेंटर का कर्मचारी है। बृहस्पतिवार रात करीब 11.30 बजे गाजियाबाद में कर्मचारियों को छोड़कर वह लौट रहा था। पर्थला खंजरपुर के पास दो बदमाशों ने उससे लिफ्ट लेने के बहाने कार रुकवा ली। थोड़ी दूरी आगे जाने पर उसे गन प्वाइंट पर ले लिया।
धमकी देते हुए उससे मोबाइल और पर्स में रखे 1200 रुपये लूट लिये। बदमाशों ने अशफाक के मोबाइल से सिम कार्ड निकाल कर उसे सिम थमा दिया। फिर नीचे फेंककर कार लूटकर फरार हो गए। जीपीएस के माध्यम से पुलिस को पता चला कि कार बिसरख के हैबतपुर गांव में खड़ी है। पुलिस ने कार तो बरामद कर लिया, मगर बदमाश हाथ नहीं आ सके।