दिल्ली में इंश्योरेंस पॉलिसी कराकर मोटा बोनस दिलाने के नाम पर 56 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
सरिता विहार इलाके में 27 वर्षीय एक शातिर हसीना ने अपने भाई व दोस्त के साथ मिलकर 90 साल के बुजुर्ग को चूना लगाया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दिव्या (27) उसके भाई अमित (25) और दोस्त संदीप (21) को दबोच लिया।
यह भी पढ़ें:इन 3 लुटेरों की कहानी पढ़कर चौक जाएंगे आप
सरिता विहार थाना पुलिस को गैंग के अन्य लोगों की तलाश है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सरिता विहार निवासी के.नंदा (90) ने पुलिस से 56 लाख रुपये की ठगी की शिकायत की थी। पीड़ित ने बताया कि पिछले दिनों उन्हें एक युवती का फोन आया। फोन पर युवती ने एक नामी कंपनी का कर्मी बताकर इंश्योरेंस कराने की बात की।
युवती ने उन्हें बताया कि 56 लाख रुपये की पॉलिसी कराने पर उन्हें समय-समय पर 96 लाख रुपये का बोनस मिलेगा। पीड़ित पॉलिसी कराने के लिए तैयार हो गए। घर आए दो युवकों को 56 लाख रुपये दे दिए गए।
यह भी पढ़ें: कार लॉक कर सामान सुरक्षित न समझिए!
नंदा के मुताबिक बताए गए समय पर बोनस नहीं आया तो उन्हें दाल में कुछ काला लगा। पीड़ित ने इसकी शिकायत सरिता विहार थाने में की। छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया गया।
छानबीन के लिए एसीपी विपिन नैयर, एसएचओ मनिंदर सिंह, एसआई प्रवेश कसाना, शैलेंद्र, सिपाही अशोक, दिलशाद और महिला सिपाही मंतोष की टीम बनाई गई। जांच के बाद पुलिस ने दिव्या को दबोच लिया। बाद में अमित व संदीप को भी दबोच लिया। आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
दिव्या ने पुलिस को बताया कि वह एक इंश्योरेंस कंपनी में टेली कॉलर की नौकरी करती है। इसकी वजह से उसके पास लोगों के मोबाइल नंबर और घर का पता आ जाता है। के नंदा को इसने अपनी कंपनी के जरिए पहले कोई इंश्योरेंस कराया था। इसकी वजह से वह उसके झांसे में आ गया। पुलिस तीनों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन लोगों ने और कितने लोगों को चूना लगाया।