अज्ञात बदमाशों मंगलवार देर शाम सीमेंट व्यापारी को नशीला लड्डू खिलाकर 3.5 लाख रुपये ले भाग गए। जानकारी के अनुसार, काठ पत्थर मार्केट में हरीराम एंड संस सीमेंट की दुकान है।
मंगलवार देर शाम कार सवार चार युवक दुकान पर पहुंचे और किसी की नौकरी लगने के नाम पर लड्डू बांटने लगे। युवकों ने दुकान पर बैठे व्यापारी गोपाल को भी लड्डू दे दिया। लड्डू खाते ही गोपाल बेहोशी की हालत में पहुंच गया।
तभी युवक रुपये लेकर भाग गए। सूचना मिलते ही सैकड़ों दुकानदार मौके पर एकत्रित हो गए। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नए तरीके से की वारदात से अब पुलिस परेशान नजर आ रही है।
पुलिस के समझने पहले ही घट गई एक और घटना
अभी पुलिस इस मामले को ठीक से समझ भी नहीं पाई थी कि बुधवार सुबह बस स्टैंड स्थित बंटी किराना स्टोर पर वारदात हो गई। यहां से बाइक सवार बदमाश रुपयों से भरा थैला लेकर फरार हो गया।
बैग में करीब 40,000 रुपये और जरूरी कागजात थे। आरोपी ने पहले दुकानदार से सिगरेट देने को कहा था। इसी बीच दुकानदार का ध्यान हटते ही बदमाश थैला लेकर भाग गया।
सूचना मिलते ही डीएसपी मौजीराम और थाना प्रभारी संतोष कुमार टीम के साथ पहुंच गए, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी से मिले व्यापारी
दोनों वारदात को लेकर बुधवार को कारोबारी डीएसपी मौजीराम से मिले। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि शहर में खासकर बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
शहर में एक के बाद एक हो रही आपराधिक वारदात से कारोबारियों में दहशत है। व्यापारी और वैश्य समाज के प्रधान बबली परदेशी, राजू तायल, बंटी मंगला, नंदकिशोर ने मांग की कि पुलिस गश्त के अलावा नाके लगाए जाएं।
डीएसपी मौजीराम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। डीएसपी ने दुकानदारों से भी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा है।