जीटीबी एन्क्लेव इलाके में हथियारबंद बदमाश महिला व उसके दो बच्चों को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नगदी लूट ले गए। वारदात के समय पीड़िता शबाना (30)अपने बच्चों को स्कूल के लिए तैयार कर रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शबाना ने पुलिस को बताया है कि बदमाश घर से डेढ़ लाख रुपये नगद और लाखों रुपये के जेवरात लूटकर ले गए हैं। पुलिस के मुताबिक, शबाना आठ और दस साल के अपने दो बेटों के साथ 2129, जनता फ्लैट, जीटीबी एन्क्लेव में रहती है।
पिछले कुछ दिनों से मनमुटाव होने के बाद पति शकील अलग रहता है। शुक्रवार सुबह 7 बजे वह बच्चों को स्कूल जाने के लिए तैयार कर रही थी। इसी बीच हथियारबंद दो बदमाश उसके घर में जबरन घुस गए।
एक बदमाश ने पिस्टल निकाल ली, जबकि दूसरे बदमाश ने चाकू निकालकर शबाना व उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे डेढ़ लाख कैश और लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए।
जाते समय बदमाश पुलिस को सूचना देने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से छानबीन कर रही है।
किडनी ट्रांसप्लांट के लिए रुपये जमा कर रही थी पीड़िता
शबाना ने बताया कि उसे किडनी की गंभीर बीमारी है। डॉक्टरों ने उसकी किडनी ट्रांसप्लांट के लिए कहा है। इसके लिए वह पिछले कुछ दिनों से रुपये इकट्ठा कर रही थी। मनमुटाव के बाद पति शकील ने भी जाफराबाद में अलग रहना शुरू कर दिया था। अब प्रॉपर्टी डीलर पिता उसकी मदद कर रहे थे।