दक्षिण जिला पुलिस ने अलग-अलग जगहों से चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 209 पेटी शराब बरामद की गई है। आरोपी हरियाणा से इस अवैध शराब को लाकर यूपी व दिल्ली में त्यौहारों के मौसम में सप्लाई करने में लगे हुए थे।
आरोपियों के कब्जे से फोर्ड आइकॉन कार, सेंट्रो और टाटा-407 बरामद की है। नेबसराय थाने में तैनात एसआई रंजीत की टीम ने नौ अक्तूबर को जेजे कॉलोनी तिगड़ी निवासी राकेश (37) को पकड़ा। इसके कब्जे से 40 पेटी अवैध शराब बरामद की गई।
फोर्ड आइकॉन से कर रहा था सप्लाई
दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह के अनुसार स्पेशल स्टाफ में तैनात एसआई राजीव बमल की टीम ने एमबी रोड से अलीगढ़, यूपी निवासी शराब तस्कर जितेन्द्र सिंह (26) को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 40 पेटी अवैध शराब बरामद की गई है। ये इस अवैध शराब को हरियाणा से फोर्ड आइकॉन कार से लेकर आया था और यूपी लेकर जा रहा था।
सेंट्रो कार से हो रहा था धंधा
स्पेशल स्टाफ में तैनात एएसआई विजय कुमार की टीम ने सिरीफोर्ट रोड से अवैध शराब तस्कर व राम सिनेमा, झज्जर रोड, बहादुरगढ़, हरियाणा निवासी भागचंद चौधरी(19) को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से सेंट्रो कार से अवैध शराब के 50 पेटी बरामद किए गए हैं।
इसके खिलाफ डिफेंस कॉलोनी थाने में मामला दर्ज किया गया है। साउथ कैंपस थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्कर गांव खरखौदा, जिला सोनीपत हरियाणा निवासी नंदकिशोर को रावतुला राव मार्ग से 10 अक्तूबर को गिरफ्तार किया है। ये टाटा-407 से अवैध शराब की सप्लाई करता था। इसके कब्जे से 79 पेटी अवैध शराब बरामद की है।