सेक्टर-16 के एक होटल में 22 वर्षीय युवती की हत्या कर फरार हुए आरोपी दिलीप इस समय हरिद्वार में छिपा हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने घर फोन कर हरिद्वार में होने की बात कही है।
साथ ही गलती मानते हुए आत्महत्या की धमकी दी है। एसएचओ ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि, बीते बुधवार को 22 वर्षीय पिंकी सिंह की सेक्टर-16 के एक होटल के कमरे में कार की आक्स लीड से गला घोटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में होटल में युवती के साथ आए युवक दिलीप वर्मा पर हत्या का आरोप था।
एसएचओ राशिद अली ने बताया कि दिलीप फिलहाल हरिद्वार में छिपा है। उसने अपना मोबाइल बंद किया हुआ है। शनिवार सुबह उसने अपने पिता के मोबाइल पर फोन किया और कहा कि उससे गलती हो गई है।
अगर उसे ढूंढने की कोशिश की तो गंगा में कूदकर आत्महत्या कर लेगा। एसएचओ ने बताया कि आरोपी की तलाश में एक टीम हरिद्वार भेजी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।