तावडू-सोहना रोड पर स्विफ्ट कार में सवार दो युवकों का अपहरण कर उनके साथ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 10-15 अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित जितेन्द्र पुत्र किशन सिंह निवासी मकान नंबर 37 गली नंबर 3 राजीव नगर ओल्ड फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 मई को वह अपने दोस्त रिंकू व चंकी के साथ अपनी स्विफ्ट कार पर सवार होकर मिलकपुर मंदिर जा रहे थे।
जितेंद्र का कहना है कि जब 12:00 बजे के करीब वह धुलावट मोड़ के समीप पहुंचे तो दो स्कॉर्पियों, एक वैगनार व एक डस्टर कार में सवार 10-15 लड़कों ने अपनी गाड़ियों को उनकी कार के आगे लगा कर उनको रुकने को मजबूर कर दिया। बदमाशों ने अपनी गाड़ियों से उतरकर उन्हें रॉड और डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
रिंकू उनके चंगुल से भाग गया। इसके बाद बदमाशों ने जितेन्द्र व चंकी के मुंह पर रुमाल बांध दिया और अपनी गाड़ी में डालकर अनजान जगह खेत में ले गए। जितेन्द्र का कहना है कि डस्टर कार में सवार चार बदमाशों ने अपने हाथ में पिस्टल ली हुई थी।
जिनमें से एक बदमाश ने उसके पेट में पिस्टल लगा दी और एक अन्य बदमाश ने जान से मारने की धमकी देते हुए हवा में दो फायर किए। जितेंद्र ने बताया कि बदमाशों ने उससे कहा कि तू शराब का धंधा करता है और तेरा भाई सेठी के फरीदाबाद में शराब के ठेके व गोदाम हैं।
अपने भाई से 20 लाख रुपये मंगा ले तुझे छोड़ देंगे। बातचीत करते समय उनके मोबाइल पर एक फोन आया और बात होने के बाद बदमाश उन्हें डस्टर कार में बैठाकर कहीं ले गए। वहां कुछ लोग अपने आप को पुलिस वाला बता रहे थे। दूसरे दिन 21 मई शाम 4:00 बजे बदमाशों ने उन्हें छोड़ दिया।
जितेंद्र का कहना है कि आपस में बातचीत करते समय एक का नाम वह सत्तार ले रहे थे। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध अपहरण करने व फिरौती मांगने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।